
चंदौली। निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता और गति बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को नियामताबाद स्थित बीआरसी (BRC) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई और पोर्टल पर डेटा फीडिंग की प्रक्रिया को बारीकी से परखा।
मौके पर डटे रहे अधिकारी, मतदाताओं की दिखी भारी उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि 380-मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के 03 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AAERO) मौके पर मौजूद रहकर सुनवाई का कार्य कर रहे थे। सुनवाई स्थल पर मतदाता भी पर्याप्त संख्या में अपने साक्ष्यों के साथ उपस्थित मिले।
पोर्टल पर तुरंत अपलोड हो रहे साक्ष्य
जिलाधिकारी ने पोर्टल के संचालन की भी जांच की। उन्होंने देखा कि मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे साक्ष्यों को ए.ए.ई.आर.ओ. पोर्टल पर सुचारू रूप से अपलोड किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
सभी 39 स्थलों पर कार्य प्रगति पर
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, 380-मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के कुल 39 ए.ए.ई.आर.ओ. अपने-अपने निर्धारित सुनवाई स्थलों पर मुस्तैद हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी सुनवाई स्थलों पर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित हो रही है ताकि मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाया जा सके।



