नाबालिग की रफ्तार बनी जानलेवा, पैदल घर लौट रही महिला की मौत
कार से शराब की बोतल बरामद

नालासोपारा में तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं की जिंदगी उजाड़ दी। बुधवार शाम दत्तनगर इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग के कार चलाने के दौरान सड़क किनारे पैदल जा रहीं दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 32 वर्षीय श्रेया मिसाल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 36 वर्षीय प्रगति मोरे गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, नगीनदास पाड़ा निवासी प्रगति मोरे और श्रेया मिसाल घरेलू काम करती थीं। बुधवार को वसई में काम खत्म करने के बाद दोनों नालासोपारा स्टेशन पहुंचीं और पैदल घर लौट रही थीं। शाम करीब 4:30 बजे दत्तनगर इलाके में सामने से आई तेज रफ्तार ग्रे रंग की ईको कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। श्रेया के सिर, पीठ, कमर और घुटने में गंभीर चोटें आई थीं। रात करीब पौने दस बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कार मालिक और चालक भी जांच के घेरे में
तुलिंज पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार कार राजेश शाह के नाम पर है, जबकि महेश नाईक चालक बताया गया है। आरोप है कि नाबालिग को कार चलाने की अनुमति दी गई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। स्थानीय लोगों ने कार में शराब की बोतलें मिलने का दावा भी किया है। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।



