सीजेआइ आगमन : वाराणसी-चंदौली रूट डायवर्जन: 16 और 17 जनवरी को घर से निकलने से पहले पढ़ लें यह खबर, इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध
चंदौली/वाराणसी। (14 जनवरी 2026) भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के वाराणसी और चंदौली आगमन को लेकर सुरक्षा और सुगम यातायात के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह डायवर्जन 16 और 17 जनवरी 2026 को प्रभावी रहेगा। यदि आप इन दो दिनों में वाराणसी या चंदौली की सड़कों पर निकलने वाले हैं, तो असुविधा से बचने के लिए नए रूट की जानकारी जरूर कर लें।
16 जनवरी: शाम 5 से 7 बजे तक लागू रहेगा यह रूट
शुक्रवार शाम को पड़ाव और राजघाट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी:
-
पड़ाव से राजघाट प्रतिबंध: पड़ाव चौराहे से राजघाट पुल की ओर जाने वाले सभी प्रकार के चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
-
वैकल्पिक मार्ग: पड़ाव से वाराणसी जाने वाले वाहन अब रामनगर होकर एनएच-19 से जाएंगे या फिर पड़ाव चौराहे से बहादुरपुर होकर रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।
-
चकिया-मुगलसराय रूट: जो वाहन चकिया तिराहे से मुगलसराय होते हुए पड़ाव या राजघाट जाना चाहते हैं, उन्हें गोधना चौराहा (NH-19) या पचफेड़वा रिंग रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
17 जनवरी: सुबह 7 से शाम 5 बजे तक भारी वाहनों पर पाबंदी
शनिवार को मुख्य कार्यक्रम के दिन रिंग रोड पर सख्ती रहेगी:
-
रिंग रोड प्रतिबंध: पचफेड़वा रिंग रोड से वाराणसी की तरफ जाने वाले सभी भारी वाहनों और चार पहिया वाहनों का आवागमन सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बंद रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
यातायात विभाग ने आम जन से अपील की है कि वे वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान पुलिस का सहयोग करें और डायवर्जन प्लान के अनुसार ही अपनी यात्रा तय करें। प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति (जैसे एम्बुलेंस) में सुगम रास्ता दिया जा सके।



