संसद में गूंजेगी निजी विद्यालयों की आवाज: बाबू सिंह कुशवाहा ने दिया समस्याओं के समाधान का भरोसा
संसद में उठेंगे शिक्षा और स्कूल के मुद्दे

वाराणसी: चांदपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित मां सरस्वती महिला पीजी कॉलेज में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का चतुर्थ वार्षिक अधिवेशन रविवार को हुआ। इस अधिवेशन में जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा और राज्यमंत्री आर.पी. कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से लगभग 1200 विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों ने हिस्सा लिया।
संसद में उठेंगे शिक्षा और स्कूल के मुद्दे
अधिवेशन को संबोधित करते हुए सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा, “निजी विद्यालय देश की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। विद्यालयों के संचालकों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं को मैं स्वयं संसद में उठाऊंगा और सरकार से इनके समाधान की मांग करूंगा।” वहीं, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री आर.पी. कुशवाहा ने आश्वासन दिया कि एसोसिएशन की मांगों से प्रदेश के शिक्षा मंत्री को अवगत कराकर जल्द निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
अधिवेशन की प्रमुख मांगें (17 सूत्रीय प्रस्ताव पारित)
अधिवेशन के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष रामाश्रय पटेल ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 17 सूत्रीय मांग प्रस्ताव रखा, जिसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदु शामिल है।
-
वन नेशन-वन एजुकेशन: पूरे देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
-
स्कूल सेफ्टी एक्ट: स्कूलों के लिए तत्काल ‘स्कूल सेफ्टी एक्ट’ बने ताकि किसी भी घटना पर बिना जांच के प्रबंधक या प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी न हो।
-
सरल मान्यता नियम: मान्यता के नियमों और भूमि मानकों को व्यावहारिक बनाया जाए, क्योंकि वर्तमान नियम नई मान्यता लेने में बड़ी बाधा हैं।
-
बिजली और टैक्स में छूट: विद्यालयों की बिजली दरें कमर्शियल (LMV 4) के बजाय घरेलू की जाएं और नगर निगम द्वारा वसूले जा रहे मनमाने ‘कूड़ा टैक्स’ को बंद किया जाए।
-
RTE शुल्क प्रतिपूर्ति: पिछले कई वर्षों से अटकी RTE प्रतिपूर्ति तत्काल जारी हो और इसकी दर 450 से बढ़ाकर 2000 रुपये की जाए।
संगठन का विस्तार और नई नियुक्तियां
इस अवसर पर संगठन को मजबूती देने के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा भी की गई। मिर्जापुर प्रभारी के रूप में शिवशंकर सिंह, गाजीपुर जिलाध्यक्ष डॉ. मदन मोहन विश्वकर्मा और वाराणसी महिला जिलाध्यक्ष के रूप में रुद्राणी हीरालाल बिंद को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही प्रभात कुमार सिंह, रवि प्रकाश वर्मा और बटेश्वर बिंद को जिला सचिव (वाराणसी) मनोनीत किया गया।
प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव नरेंद्र शर्मा, संरक्षक विनोद कुमार सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी जयप्रकाश रावत, जिलाध्यक्ष रघुवर दास विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष हीरालाल बिंद सहित बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे।



