वाराणसी: अस्सी घाट पर खत्म होगी पार्किंग की किल्लत, 9.84 करोड़ से बनेगी मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग
जाम से मिलेगी मुक्ति, संवरेगी यातायात व्यवस्था

वाराणसी। अस्सी घाट पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या से निजात मिलने वाली है। नगर निगम वाराणसी ने अस्सी घाट पर मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग और आधुनिक फूड प्लाजा के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिंमाशु नागपाल ने कार्यस्थल का सघन निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
जाम से मिलेगी मुक्ति, संवरेगी यातायात व्यवस्था
अस्सी घाट पर वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए 9.84 करोड़ रुपये की लागत से चार मंजिला मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है।
- इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य घाट किनारे लगने वाले जाम की समस्या का स्थायी समाधान करना है।
- निर्माण की जिम्मेदारी शासन ने सीएनडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) को सौंपी है।
- नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
पर्यटकों के लिए बनेगा आधुनिक फूड प्लाजा
’सुबह-ए-बनारस’ का आनंद लेने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को अब बनारसी स्वाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
- अस्सी घाट पर 2.14 करोड़ की लागत से एक आधुनिक फूड प्लाजा का निर्माण किया जाएगा।
- यह फूड प्लाजा बनारसी खान-पान को एक नया आयाम देगा और पर्यटकों की सुविधाओं में इजाफा करेगा।
भदैनी रॉ पंपिंग स्टेशन का भी होगा कायाकल्प
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने भदैनी स्थित रॉ पंपिंग स्टेशन का भी मुआयना किया। उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों से कहा कि पूरे पंपिंग स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य तत्काल शुरू किया जाए। शहर के जल प्रबंधन केंद्रों का स्वरूप स्वच्छ और व्यवस्थित होना चाहिए।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सिविल), महाप्रबंधक (जलकल) और सीएनडीएस के अवर अभियंता सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




