बिल्डर से 20 लाख की रंगदारी, 4 लोगों पर केस दर्ज
विरार के नामचीन बिल्डर एम-बारिया

आवाज NATION मुंबई
मुंबई के नजदीक विरार के आगाशी इलाके में एक प्रसिद्ध बिल्डर से 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने इमारत से जुड़े विवाद को लेकर गलत शिकायत दर्ज कराने और पुलिस केस में फंसाने की धमकी देकर बिल्डर से रकम की मांग की गई। इस मामले में बिल्डर की शिकायत पर अर्नाला सागरी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता बिल्डर मोरेश्वर बारिया की विरार पश्चिम के आगाशी इलाके में ‘रमेश दर्शन’ नामक इमारत है। इसी इमारत से संबंधित मामले को लेकर आरोपी अरुण सिंह और उसके तीन साथियों पर कथित तौर पर बारिया को धमकाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने गलत शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज कराने की धमकी दी और इसके बदले 20 लाख रुपए की मांग की। शिकायत के अनुसार आरोपियों को शुरुआत में 5 लाख रुपए दिए गए थे। इसके बावजूद कथित तौर पर बाकी रकम के लिए दबाव और धमकियां जारी रहीं। लगातार परेशान किए जाने के बाद बिल्डर ने अर्नाला सागरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश निकम ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने अरुण सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अरुण सिंह के खिलाफ पहले भी रंगदारी के कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और पैसों के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।



