चंदौली : डीएम और एसपी का अपराधियों पर कड़ा प्रहार, दो शातिर अपराधी 6 माह के लिए ‘जिला बदर’
कंदवा और इलिया थाने के दो मनबढ़ अपराधियों को जिले की सीमा से किया गया निष्कासित, आदेश उल्लंघन पर होगी जेल
चंदौली। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर पुलिस ने दो अपराधियों के खिलाफ जिला बदर (गुंडा एक्ट) की बड़ी कार्रवाई की है।
6 माह के लिए जिले की सीमा से बाहर
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन दोनों शातिर अपराधियों को चन्दौली जिले की भौगोलिक सीमाओं से अगले 6 माह के लिए निष्कासित कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ये अपराधी इस अवधि के दौरान जिले की सीमा के भीतर सक्रिय या भटकते हुए पाए गए, तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा।
इन अपराधियों पर गिरी गाज
-
विकास बिन्द उर्फ अश्विनी (थाना कन्दवा): ग्राम कन्दवा निवासी विकास बिन्द (24 वर्ष) एक आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ कन्दवा (चन्दौली) और जमानिया (गाजीपुर) थानों में बलात्कार, पॉक्सो एक्ट, मारपीट और धमकी देने जैसे 5 गंभीर मामले दर्ज हैं।
-
चन्द्रशेखर उर्फ पिन्टू चौहान (थाना इलिया): ग्राम डेहरी खुर्द निवासी चन्द्रशेखर (28 वर्ष) के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस (नशा तस्करी) और धोखाधड़ी के कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह लंबे समय से अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था।
पुलिस की पैनी नजर
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि अपराध नियंत्रण हेतु अपराधियों और अराजकतत्वों के विरुद्ध यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। जिला बदर किए गए दोनों अभियुक्तों पर संबंधित थानों की पुलिस अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।




