चंदौली : 50 हजार का इनामी ‘टिंकू’ गिरफ्तार, जिलेटिन रॉड और अवैध असलहा बरामद
किन्नर की हत्या की साजिश और बिहार में फरारी

चंदौली। (13 जनवरी 2026) जिले के बलुआ और धीना थाने की पुलिस टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन में 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अपराधी के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक और अवैध हथियार बरामद हुए हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की नाक में दम कर रखा था।
विस्फोटक और हथियार बरामद
पुलिस ने अभियुक्त के पास से निम्नलिखित वस्तुएं बरामद की हैं:
-
04 जिलेटिन रॉड (शक्तिशाली विस्फोटक पदार्थ)
-
01 अवैध असलहा (.32 बोर)
-
03 जिंदा कारतूस (.32 बोर)
रेलवे स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार और धीना थानाध्यक्ष भूपेन्द्र निषाद की टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बहोरा चंडौल रेलवे स्टेशन के पास पुलिया से अभियुक्त को दबोच लिया।
किन्नर की हत्या की साजिश और बिहार में फरारी
पूछताछ के दौरान टिंकू ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर खुशबू किन्नर को मारने की नीयत से उसके घर को विस्फोटक से क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना के बाद वह बिहार में छिपकर रह रहा था। पकड़े जाने के डर से वह मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। बरामद असलहा उसने बिहार से खरीदा था और जिलेटिन रॉड उसे उसके साथी विकास ने मुहैया कराई थी।
अपराध का लंबा इतिहास
अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू एक शातिर अपराधी है, जिस पर गैंगस्टर एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं:
-
हत्या का प्रयास व विस्फोटक अधिनियम (थाना बलुआ)
-
यूपी गैंगस्टर एक्ट (थाना बलुआ)
-
चोरी व आर्म्स एक्ट (थाना बलुआ)
“इनामी अपराधी की गिरफ्तारी चंदौली पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। विस्फोटक बरामदगी के मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि ये जिलेटिन रॉड कहाँ से लाई गई थी। अपराधी के खिलाफ सख्त विधिक कार्यवाही की जा रही है।” — आदित्य लांग्हे, पुलिस अधीक्षक चंदौली
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम: थानाध्यक्ष अतुल कुमार, थानाध्यक्ष भूपेन्द्र निषाद, व.उ.नि. अनंत भार्गव, चौकी प्रभारी मोहरगंज सुबाष गौतम व अन्य पुलिसकर्मी।


