वाराणसी : काशी को पॉलीथिन मुक्त बनाने की मुहिम : महापौर ने मंदिर क्षेत्रों में बांटे 1000 कपड़े के थैले
मंदिरों में स्वच्छता का लिया जायजा

वाराणसी। नगर निगम काशी को स्वच्छ और पूर्णतः पॉलीथिन मुक्त बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतर गया है। शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शहर के प्रमुख मंदिर क्षेत्रों का निरीक्षण किया और व्यापारियों से बाबा की नगरी को प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील की। महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर महापौर ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
मंदिरों में स्वच्छता का लिया जायजा
महापौर ने दशाश्वमेध, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और महामृत्युंजय महादेव क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि पर्व से पहले सभी प्रमुख मंदिरों और उनके संपर्क मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था चाक-चौबंद की जाए। साथ ही पूरे क्षेत्र में चूने का छिड़काव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

दुकानदारों को बांटे कपड़े के थैले
निरीक्षण के दौरान महापौर ने मंदिर के आसपास माला-फूल और प्रसाद बेचने वाले व्यापारियों से संवाद किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने विक्रेताओं के बीच एक हजार से अधिक कपड़े के थैलों (झोलों) का वितरण किया। महापौर ने कहा, “प्लास्टिक का त्याग करना केवल एक नियम नहीं, बल्कि बाबा की नगरी को स्वच्छ रखने के लिए हम सभी का दायित्व है।”
कंपनी गार्डन में गंदगी देख बिफरे महापौर
मंदिर क्षेत्रों के बाद महापौर ने मैदागिन स्थित कंपनी गार्डन (टाउन हॉल) का निरीक्षण किया। पार्क परिसर में जगह-जगह बिखरे सूखे पत्ते और गंदगी देख उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल सफाई कराने और पार्क में पेयजल पाइप की लीकेज को तुरंत ठीक करने का निर्देश दिया ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, पार्षद सुरेश चौरसिया, इर्देश कुमार, श्रवण कुमार गुप्ता, संजय कुमार गुजराती सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।




