चंदौली: ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बलुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद
चहनिया के जनरल स्टोर से 4.7 किलो से अधिक नायलॉन मांझा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

चंदौली। जानलेवा चाइनीज और नायलॉन मांझे के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार की रात पुलिस ने चहनिया क्षेत्र के एक जनरल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा बरामद किया और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है।
दुकान की आड़ में बेचा जा रहा था मौत का धागा
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के मार्गदर्शन में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम खण्डवारी (चहनिया) स्थित ‘न्यू जय माँ काली 99 प्लास्टिक व जनरल स्टोर’ पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से 04.745 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा बरामद हुआ।
वाराणसी से आता था माल, लालच में बेच रहा था आरोपी
पुलिस ने मौके से रामाश्रय कुमार (निवासी रमौली, बलुआ) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि अधिक मुनाफे के लालच में वह इस जानलेवा मांझे को बेचता था। उसने बताया कि वाराणसी का एक व्यक्ति उसे यह माल सप्लाई कर जाता था।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत एफआइआर दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस टीम में अनंत कुमार भार्गव, जमीलुद्दीन खान, रामबिहारी सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



