वसई–विरार मनपा चुनाव:ईवीएम पर चुनाव चिन्हों को लेकर विवाद,ठाकरे गुट और बीवीए ने जताई आपत्ति
मतदान के दिन मतदाताओं में भ्रम की आशंका,कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

वसई–विरार शहर महानगर पालिका चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का दावा प्रशासन कर रहा है, लेकिन ईवीएम मशीनों पर चुनाव चिन्हों को लेकर गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। शिवसेना (ठाकरे ) और बहुजन विकास आघाड़ी ने आरोप लगाया है कि ईवीएम पर कुछ दलों के चुनाव चिन्ह फिके, धुंधले और अस्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी का ‘कमल’ चिन्ह अपेक्षाकृत अधिक गहरा और स्पष्ट नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, बहुजन विकास आघाड़ी का चुनाव चिन्ह चुनाव आयोग की आधिकारिक सूची के अनुसार नहीं दिख रहा है। आरोप है कि मशीन पर चिन्ह का स्वरूप बदला हुआ और उल्टी दिशा में प्रदर्शित किया गया है। इसे लेकर संबंधित दलों ने तीव्र आपत्ति दर्ज कराई है।
ईवीएम मशीनों की जांच के दौरान उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह त्रुटियां सामने आईं। ठाकरे गुट के शशिभूषण शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी दलों के चिन्ह समान गहराई, स्पष्टता और बिना किसी भेदभाव के दिखाई देने चाहिए, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है। इससे मतदान के दिन मतदाताओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
बहुजन विकास आघाड़ी के संदेश जाधव ने बताया कि वसई स्थित सेंट ऑगस्टीन मतदान केंद्र के चुनाव अधिकारियों के समक्ष इन त्रुटियों की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। विभिन्न दलों ने संयुक्त रूप से निवेदन देकर ईवीएम पर चिन्हों की स्पष्टता सुधारने की मांग की। हालांकि उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बताया कि बिना ठोस निर्णय लिए मशीनों को सील कर दिया गया, ठाकरे शिवसेना के पदाधिकारी राजाराम बाबर ने कहा कि इस गंभीर मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर सुधारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी हैकि यदि इसका असर मतदान प्रक्रिया या चुनाव परिणाम पर पड़ा, तो आंदोलन किया जाएगा,

