चंदौली : 25 हजार का इनामी शातिर गोतस्कर गिरफ्तार, धानापुर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
बड़ौरा नहर पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी

चंदौली। जनपद में अपराधियों और वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में धानापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गैंगेस्टर एक्ट में फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी शातिर पशु तस्कर अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद हुआ है।
लंबे समय से था फरार, घोषित था इनाम
गिरफ्तार अभियुक्त अक्षय कुमार, निवासी ग्राम महुजी (थाना धीना), एक शातिर पशु तस्कर है। इसके खिलाफ थाना धीना में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत था। अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते पुलिस अधीक्षक चंदौली, आदित्य लांग्हे द्वारा उस पर 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय से NBW और धारा 84 BNSS की नोटिस भी जारी हो चुकी थी।
बड़ौरा नहर पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक धानापुर, त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त नगवा घाट की तरफ से नहर मार्ग होकर गुजरने वाला है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने बड़ौरा नहर पुलिया के पास घेराबंदी की और अभियुक्त अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक अवैध तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
अपराधों का लंबा इतिहास
पकड़ा गया अभियुक्त अक्षय कुमार पशु क्रूरता और गोवध निवारण अधिनियम का पुराना अपराधी है। इसके ऊपर धीना और धानापुर थानों में पशु तस्करी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। ताजा गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम:
- प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन
- उपनिरीक्षक अभिराज सरोज (चौकी प्रभारी भदाहूं)
- उपनिरीक्षक संजय कुमार ओझा (चौकी प्रभारी नगवां)
- कांस्टेबल इन्द्रजीत यादव




