
वाराणसी। लोहता स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल (VPS) के प्रांगण में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के समापन के अवसर पर कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए गुडलक समारोह ‘उदाची-2026’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस दौरान जहां एक ओर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही, वहीं दूसरी ओर विदाई की बेला में छात्र और शिक्षक भावुक नजर आए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह का कुशल संचालन अर्पिता अग्रवाल और मानवी सिंह ने अपनी ओजस्वी वाणी और आत्मविश्वास के साथ किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियों से सम्मानित भी किया गया।

निदेशक और उप-निदेशक ने दिया सफलता का मंत्र
समारोह को संबोधित करते हुए VPS Group के निदेशक अमित पांडेय ने विद्यार्थियों को जीवन के पथ पर अग्रसर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “विद्यार्थी किसी भी संस्थान की सबसे बड़ी पूँजी होते हैं। आपकी सफलता ही इस विद्यालय की वास्तविक पहचान है।” उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारण और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, उप निदेशक श्री के. के. पांडेय ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही कठिन से कठिन लक्ष्य को आसान बनाती है। उन्होंने छात्रों से मानवीय मूल्यों और सामाजिक दायित्वों को सदैव प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

सामूहिक प्रयास से सफल रहा आयोजन
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या सपना मौर्या ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रबंधतंत्र के शशिकांत गुप्ता व आर. एन. जायसवाल, शिक्षकों और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन सभी के सामूहिक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए उन्हें विद्यालय का गौरव बने रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कार्यक्रम प्रभारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




