वाराणसी: नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 70 दुकानों को नोटिस; 3 दिन में किराया न दिया तो आवंटन होगा निरस्त
डिजिटल भुगतान (QR Code) के बावजूद हीलाहवाली करने वाले दुकानदारों पर गिरेगी गाज, भैंसा वाड़ा और नया चौक के दुकानदारों पर 28.57 लाख का बकाया।
वाराणसी। नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर अपने तेवर सख्त कर लिए हैं। गृहकर और जलकर के साथ-साथ अब दुकानों के बकाया किराए की वसूली के लिए नगर निगम ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इसी क्रम में शनिवार को भैंसा वाड़ा और नया चौक क्षेत्र की 70 दुकानों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में किराया जमा न होने पर दुकानों का आवंटन निरस्त कर उन्हें पुलिस बल की मदद से खाली कराया जाएगा।
QR कोड के बाद भी भुगतान में लापरवाही
नगर निगम ने दुकानदारों की सुविधा के लिए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल कर दिया है और सभी दुकानों पर क्यूआर कोड (QR Code) की सुविधा दी गई है। इसके बावजूद दुकानदार किराया जमा करने में टालमटोल कर रहे हैं। सहायक नगर आयुक्त के अनुसार, इससे पहले लगभग 600 दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन सुधार न होने पर अब सीधी कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।
लाखों का बकाया: पुलिस बल के साथ होगी कुर्की
नोटिस की जद में आई 70 दुकानों पर कुल 28,57,693 रुपये का किराया बकाया है:
-
भैंसा वाड़ा: 25 दुकानों पर 14,36,631 रुपये बकाया।
-
नया चौक: 45 दुकानों पर 14,21,062 रुपये बकाया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तीन दिन की मोहलत खत्म होने के बाद आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा और जो दुकानदार सहयोग नहीं करेंगे, उनकी दुकानों का ताला पुलिस की मौजूदगी में तोड़कर निगम अपने कब्जे में ले लेगा। शहर भर में निगम की कुल 1800 दुकानें हैं, जिन पर आने वाले दिनों में ऐसी ही कार्रवाई प्रस्तावित है।
3 साल में पांच गुना बढ़ी वसूली
निगम की इस सख्ती का सकारात्मक असर राजस्व पर भी दिख रहा है। आंकड़ों के अनुसार:
-
2023-24: महज 80 लाख रुपये की वसूली।
-
2024-25: बढ़कर 2.72 करोड़ रुपये हुई।
-
2025-26 (अब तक): रिकॉर्ड 3.80 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है।
बीते तीन वर्षों में निगम की किराया वसूली करीब 4.75 गुना तक बढ़ गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बकाया भुगतान न होने पर अन्य इलाकों में भी कुर्की और आवंटन निरस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।



