वाराणसी: बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ ‘आप’ का उग्र प्रदर्शन, फूंका पुतला
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा

वाराणसी: बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ ‘आप’ का उग्र प्रदर्शन, फूंका पुतला
वाराणसी। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही संगठित हिंसा और अत्याचार के विरोध में रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) वाराणसी के कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्थित आंबेडकर पार्क में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और भारत सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि (चौकी इंचार्ज) अभिषेक शर्मा को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उचित माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाएगा।
केंद्र सरकार की चुप्पी पर बरसे जिला अध्यक्ष
जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, बांग्लादेश में मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है, महिलाओं और बच्चों के साथ बर्बरता हो रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अब तक कोई ठोस और निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई है। भारत सरकार की यह चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे अत्याचारियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें:
आम आदमी पार्टी ने महामहिम राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए केंद्र सरकार के लिए निम्नलिखित कदम उठाने का आग्रह किया है:
* व्यापारिक संबंध: जब तक हिंदुओं की सुरक्षा की गारंटी न मिले, बांग्लादेश के साथ सभी व्यापारिक और कूटनीतिक संबंध खत्म किए जाएं।
* बिजली आपूर्ति पर रोक: बांग्लादेश को दी जा रही सरकारी और अडानी समूह की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बंद की जाए।
* शेख हसीना का मुद्दा: पार्टी ने कहा कि शेख हसीना को भारत में दिए जा रहे संरक्षण से बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ नफरत बढ़ रही है, इस पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से घनश्याम पाण्डेय (जिला मीडिया प्रभारी), मुकेश सिंह, रेखा जायसवाल, देव कांत वर्मा, अब्दुल्लाह खान, एजाज अहमद, मनीष गुप्ता, राजेश कुमार वर्मा, शारदा टंडन, डॉ. अहिल्या, अर्चना श्रीवास्तव, विनोद जसवाल, कन्हैया मिश्रा, अमर सिंह पटेल और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




