
मुगलसराय (चंदौली)। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पूजा-पाठ के नाम पर महिलाओं को झांसा देकर गहने साफ करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से चोरी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
ऐसे देते थे घटना को अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे साधु का भेष धारण कर लोगों के घरों में जाते थे। बीती रात ओड़वार गांव में बेचू माली के घर पूजा कराने के बहाने उन्होंने घर की महिलाओं का विश्वास जीता और उनके गहने एक घड़े में रखवा दिए। मौका मिलते ही वे घड़े से गहने चोरी कर फरार हो गए।
घेराबंदी कर अंबेडकर तिराहे से गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ओड़वारा अंबेडकर तिराहा पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ठगी करने वाले अभियुक्त किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में काशी राम आवास की तरफ घूम रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे दोनों अभियुक्तों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
बबलू उर्फ रियासत (40 वर्ष), निवासी: बदलापुर, जनपद जौनपुर।
जोगी उर्फ सलमान (34 वर्ष), निवासी: पट्टी, जनपद प्रतापगढ़।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में जेवरात और अन्य सामान बरामद किया है:
01 पीली धातु का झुमका और 04 पीस लॉकेट।
04 सफेद धातु की सिकड़ी और 04 पीस पायल।
01 सफेद धातु की पैजनी।
दो कीपैड मोबाइल (सैमसंग व जियो) और ₹1600 नकद।
अपराधिक इतिहास
पकड़े गए अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। अभियुक्त जोगी उर्फ सलमान के खिलाफ प्रतापगढ़ के पट्टी थाने में दुष्कर्म, डकैती और मारपीट जैसे गंभीर धाराओं में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम:
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उप-निरीक्षक बांकेलाल यादव, मुंशी यादव, संजय राय, महिला कांस्टेबल निधि और कांस्टेबल अशोक यादव की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।




